मिर्जापुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत विकास खंड सिटी के ओडीएफ घोषित चार गांवों का निरीक्षण जिला स्तरीय टीम ने किया। जिला समन्वयक विनोद श्रीवास्तव के निरीक्षण में सिरसी बघेल और अहमपुर गांव ओडीएफ सत्यापन में फेल मिले जबकि सिरसी गहरवार और समोगरा ओडीएफ परीक्षण में पास हो गए।
जिला स्तरीय टीम के निरीक्षण के दौरान सिरसी बघेल में 328 के सापेक्ष मात्र 275 शौचालय बने मिले। इसमें से 35 शौचालय मानक के विपरीत बने मिले। गांव के स्कूल शौचालय में पानी की टंकी और आंगनबाड़ी शौचालयों में पानी की सुविधा नहीं दी गई है। ग्राम पंचायत अहमलपुर में 273 के सापेक्ष मात्र 245 शौचालय बने हैं। कई शौचालयों में छत और पानी की टंकी का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके चलते दोनों गांव ओडीएफ परीक्षण में फेल हो गए। सिरसी गहरवार में 212 शौचालयों का मानक के अनुसार निर्माण पाया गया। गांव में साफ-सफाई और शौचालयों के शत प्रतिशत इस्तेमाल होना पाया गया। निरीक्षण टीम ने सिरसी गहरवार गांव को ओडीएफ सत्यापन में पास किया। समोगरा में सभी घरों में शौचालयों का निर्माण स्नानघर के साथ कराकर ग्राम पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाया गया है। जांच के दौरान गांव मानक के अनुरूप मिला। ग्रामीणों को चेक के माध्यम से धनराशि दी गई है। इस दौरान एडीओ पंचायत विजय मौर्य, बीसी मनीष पांडेय, विभा बिंद आदि मौजूद रहे।