अहरौरा। रिमझिम फुहारों के बीच शनिवार की शाम भगवान जगन्नाथ का रथयात्रा मेला शुरू हो गया। सत्यानगंज स्थित राधा कृष्ण स्थल समिति से शनिवार की भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा गाजेबाजे के साथ निकली गई। पुष्पों से सुशोभित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भ्राता बलभद्र विराजमान थे। बड़ी संख्या में भक्त भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर निहाल हो गए।
सत्यानगंज स्थित मंदिर परिसर में भगवान ठाकुर जी को मंगल कामना के साथ रथ पर सवार कर पुजारी ने विधि विधान से पूजा अर्चन की। आरती के बाद रथयात्रा शुरू हुई जो परंपरागत रास्तों कसरहट्टी बाजार, चौक बाजार, तकिया, टिकरा खड़ंजा, सम्मेत्तर से पट्टीकला पहुंची। जहां थोड़ा विश्राम के बाद पुन: सम्मेत्तर तकिया चौक से होकर वापस देर रात में मंदिर प्रांगण पहुंची। छतों पर खड़ी महिलाएं मंगलगान करते हुए पुष्पों से वर्षा कर रही थीं। भगवान के रथ को खींचने के लिए भक्तों में होड़ मची रही। भजन कीर्तन के साथ जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया गया । मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि में नि:स्वार्थवश जो भी भक्त भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचता और पूजन अर्चन करता है और उनकी लीला का श्रवण करता है, उसे समस्त पापों का नाश होता है। रथयात्रा में पुजारी अमरेश चंद, पारस केसरी ,राजकुमार, विजय वैध, दर्शन सिंह, सुजिंद्र सिंह सहित अन्य भक्तगण उपस्थित रहे । सुरक्षा की चाकचौबंद व्यवस्था की गई थी।