मिर्जापुर। अगर आप दिल्ली, मुंबई सूरत की ओर जाने वाली ट्रेनों सफर करने की सोच रहे हैं तो दो माह तक सफर करना भूल जाइए। क्योंकि आपको मई-जून तक इन रूटों की ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ मिलना संभव नहीं है। कन्फर्म बर्थ पाने के लिए आपको जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा। सफर करना जरूरी है तो आपको तत्काल टिकट का सहारा लेना पड़ेेगा या फिर जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा।
गर्मी का सीजन शुरू होने के साथ ही लोगों के सफर करने का दौर भी शुरू हो जाता है। इस मौसम में बच्चों का स्कूल बंद होने पर अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ हिल स्टेशन या किसी अन्य स्थान पर टूर करने का प्लान बनाते है। वहीं मई जून में शादी ब्याह का मौसम होने के चलते भी लोग अपने नौकरी या अन्य कार्यों से छुट्टी लेकर घर और रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने के लिए निकलने लगते है। इसके लिए वह पहले से ही ट्रेनों में टिकट बुक कराकर बैठ जाते है। तीन महीने पहले से ट्रेनों में टिकट बुक करा लेने से मई जून में बर्थ मिलना मुश्किल है।