पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के पथरौर स्थित इंडियन बैंक पर सोमवार को महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला का आरोप था कि उसको बिना पैसा निकाले उसके खाते से 10 हजार रुपये निकल गया। महिला के हंगामा करने पर
बैंक ने महिला के खाते में 10 हजार रुपये जमा कराया।
लालगंज थाना क्षेत्र के लालापुर निवासी सूर्यकली पत्नी रामशंकर का आरोप है कि 13 अगस्त को महिला अपने खाते से 10 हजार रुपये की निकासी पर्ची भरकर पासबुक के साथ पैसा निकालने बैंक पहुंची तो कैशियर द्वारा निकासी पर्ची को रखकर महिला के पासबुक पर बैंक की मुहर नहीं लगा होने का हवाला देकर वापस कर दिया। चार सितम्बर को महिला वापस बैंक पहुंची तो उसे भीड़ का हवाला देकर फिर वापस कर दिया गया। जिससे सोमवार को महिला अपने बेटे के साथ बैंक पहुंची। पुत्र ने मां के पासबुक में जमा पैसे की जांच कराया तो महिला के होश उड़ गए। महिला के खाते में कुल 29 हजार रुपये थे। इसमें 19 हजार रुपये ही शेष बचे थे। 10 हजार रुपये 13 अगस्त को निकाला गया था। महिला ने पैसे निकालने से इनकार किया तो बैंक भी अपने हाथ खड़ा कर लिया।
जब मामला तूल पकड़ा तब बैंक मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो पता चला कि महिला बिना पैसे लिए ही बैंक से वापस गयी थी। इस पर मैनेजर ने मामला शांत कराया और कैशियर से महिला के खाते में 10 हजार रुपये जमा कराया। इस मामले में बैंक मैनेजर रत्नेश कुमार ने बताया कि टेक्निकल फाल्ट होने के कारण ऐसा हुआ था। महिला के खाते से 10 हजार रुपये विड्राल हो गया था। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद महिला के खाते में वापस 10 हजार रुपये जमा करा दिया गया।