सीसीटीएनएस के अंतर्गत चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुक्रवार को नगर के पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन सभागार में संपन्न हो गया। इस दौरान सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर की मदद से सभी थानाें पर आनलाइन एफआईआर, एनसीआर एवं जीडी दर्ज करने के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि शीघ्र ही केस डायरी ऑनलाइन की जाएगी।
कार्यशाला में मिर्जापुर रेंज के तीनाें जनपद के सीआर, डीसीआर के कर्मियाें को सीसीटीएनएस परियोजना एवं उसके नए प्रावधानाें के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि आम नागरिकाें के लिए सिटीजन पोर्टल का निर्माण किया जा चुका है। इससे आम जनता के सरोकार से जुड़ी सुविधाओं जैसे-चरित्र प्रमाण पत्र व शस्त्र लाइसेंस शिकायत के लिए आनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
इस व्यवस्था के लागू होने से उपरोक्त सुविधाओं के लिए आम नागरिक को थाने जाने की बाध्यता समाप्त हो जाएगी। बताया गया कि जनपद के सभी थानाें पर एफआईआर और एनसीआर आनलाइन दर्ज किया जा रहा है और जनता को इसकी कंप्यूटराइज्ड प्रति दी जा रही है।
कार्यशाला के अंतिम चरण में शुक्रवार को मिर्जापुर के रेंज के उच्चाधिकारी शामिल थे। जिसकी अध्यक्षता डीआईजी शिवसागर ने किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि सभी अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर इस परियोजना कि प्रगति पर नजर रखें। इसको लेकर कर्मचारियाें को प्रोत्साहित करें।
संचालन एसपी आपरेशन अरविंद मिश्रा ने किया। इस दौरान एसपी दिनेश चंद्र, सोनभद्र, भदोही के एसपी, सीओ नगर प्रवीण यादव आदि मौजूद रहे।