मेरठ। शहर के सुनियोजित विकास के लिए रैपिड कॉरिडोर का जोनल प्लान तैयार हो चुका है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में जोनल प्लान की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें बताया गया है कि रैपिड कॉरिडोर के तहत दिल्ली रोड, रुड़की रोड पर औद्योगिक, व्यावसायिक, आवासीय सहित सार्वजनिक भू-उपयोग आदि कहां-कहां हैं। इसे लेकर 28 अक्तूबर तक लोग अपनी आपत्ति दर्ज कराने के साथ ही सुझाव भी दे सकते हैं। एनसीआरटीसी की ओर से दिल्ली रोड, रुड़की रोड को नौ जोन में बांटकर जोनल प्लान बनाया गया है।
इसके तहत आने वाले समय में कहां किस तरह की गतिविधि होगी, इसका खाका खींचा गया है। शासन में इसका प्रजेंटेशन हो चुका है। मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि मेडा में जोनल प्लान के लिए प्रदर्शनी लगाई गई है। जोनल प्लान को लेकर लोग 28 अक्टूबर तक अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आपत्ति और सुझाव के निस्तारण के बाद जोनल प्लान को लागू किया जाएगा। ब्यूरो
-