जागृति विहार में युवक की पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
जागृति विहार सेक्टर-5 में एक युवक को बेरहमी से पीटने की मंगलवार सुबह वीडियो वायरल हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा युवक एक युवक को लात घूंसों और ईंट पत्थरों से पीटकर अधमरा कर देते हैं। वहां से गुजर रहे लोग सिर्फ तमाशा देखते है। युवक को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आता। गंभीर हालत में युवक अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों ने कहा कि पिटाई में उसकी एक आंख खराब हो र्गई है।
मामला मेडिकल क्षेत्र का है। नापतौल विभाग में संविदा कर्मचारी संदीप (20) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी जागृति विहार रविवार सुबह 8:45 बजे ऑफिस जा रहा था। तभी आधा दर्जन युवकों ने संदीप को रोककर उसकी बेरहमी से पिटाई करनी शुरू कर दी। संदीप को अधमरा कर हमलावर फरार हो गए। जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
वीडियो देखकर भी मामूली धारा
जिस जगह संदीप को पीटा गया, उसके पास ही आदर्श विवाह मंडप है। जहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। परिजनों ने इसकी फुटेज मेडिकल पुलिस को दिखाई तो वह फिर भी नहीं पसीजी और मामूली मारपीट में केस दर्ज कर लिया। जबकि संदीप पर जानलेवा हमला हुआ और हमलावर उसे मरा समझकर ही वहां से गए थे। एसओ मेडिकल ने बताया कि तहरीर पर डेविड पुत्र रविप्रकाश निवासी जागृति विहार सेक्टर-5 को नामजद और छह अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ है। डेविड मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पीपल खेड़ा का निवासी है। वीडियो वायरल होने की जानकारी लगने पर वह गांव भाग गया।
यह था विवाद
संदीप के डेविड पर एक हजार रुपये बकाया थे। जबकि संदीप के छोटे भाई रोहित पर डेविड के 250 रुपये बकाया थे। डेविड संदीप के पैसे नहीं दे रहा था जबकि रोहित से 250 रुपये मांगता था। संदीप ने कहा भी कि 250 रुपये काटकर मेरे 750 रुपये दे देद्घ जिस पर संदीप और डेविड में विवाद चल रहा था।
संदीप की हालत गंभीर
समर हॉस्पिटल में भर्ती संदीप की हालत गंभीर बनी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। सिर पर ईंट पत्थर से हमला हुआ है। जिसके चलते सिर में गंभीर चोट आई है। इसके बावजूद मेडिकल पुलिस घायल का हाल जानने अस्पताल नहीं पहुंची। लोगों में चर्चा है कि मामूली झगड़ों में पुलिस जानलेवा हमले की धारा लगा देती है। लेकिन इस मामले में गंभीर नहीं है।