मेरठ। पथरी के आपरेशन के लिए भर्ती कराए युवक की डाक्टरों की लापरवाही से किडनी कट लगने से खराब हो गई। इसके बावजूद किडनी से पथरी नहीं निकाली गई। पुलिस एनक्लेव निवासी पीड़ित गौरव के पिता सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी सतीश त्यागी ने मामले की शिकायत मंगलवार को एडीजी से की है।
लोहिया नगर थाने के पुलिस एनक्लेव निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी सतीश त्यागी ने मंगलवार को एडीजी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि ऑपरेशन के दौरान डाक्टरों की लापरवाही से उनके बेटे गौरव की किडनी खराब हुई है। पथरी के ऑपरेशन के लिए उन्होंने एक अस्पताल में गौरव को दिखाया था। आरोप है कि लापरवाही से ऑपरेशन करने के कारण गौरव की किडनी खराब हो गई। आरोप है कि जिस डाक्टर से ऑपरेशन कराने की बात कही गई थी, उससे ऑपरेशन नहीं कराया गया। आपरेशन के दौरान उनके बेटे की किडनी में कट लग गया। इससे गौरव की हालत नाजुक है। पीड़ितों ने विरोध जताया तो वह अभद्रता करने लगे। मेडिकल थाना पुलिस ने शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। संवाद