- टंकी पर चारपाई बिछा कर बैठे, वीडियो बनाई
पुलिस के पहुंचने से पहले भागे युवक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में रिंग रोड एक्सटेंशन स्थित एक प्राईवेट स्कूल के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़कर कुछ युवकों द्वारा रील बनाने और हुड़दंग करने का मामला सामने आया है। युवक पानी की टंकी पर चढ़कर चारपाई डालकर उस पर बैठे हुए है। सोशल मीडिया पर फॉलोअर बढ़ाने के लिए युवक वीडियो बनाते है। इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पानी की टंकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक मौके से वाहन लेकर भाग गए।
जागृति विहार की रिंग रोड पर मंगलवार शाम एक स्कूल के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़कर कई युवक बिना किसी डर के खतरनाक तरीके से वीडियो बनाते हुए स्टंट करते नजर आए। इस दौरान नीचे मौजूद लोग उन्हें उतरने की सलाह देते रहे, लेकिन युवकों ने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया। काफी देर तक टंकी पर उनकी गतिविधियां चलती रहीं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, मगर इससे पहले ही आरोपी युवक भाग गए थे। लोगों ने टंकी के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वीडियो की जांच की जा रही है। युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।