सरधना। गांव औरंगनगर रार्धना में शराब के ठेके के पास युवकों के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर हमलावरों ने लोहे की रॉड, पंच और चाकू से हमला कर दिया। इसमें एक युवक के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने चार युवकों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गांव औरंगनगर रार्धना निवासी चिंकू पुत्र ऋषि शर्मा ने सरधना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे गांव के ही शुभम पुत्र गुड्डू और अंकित पुत्र संजय उसे अपने काम से अक्खेपुर की ओर ले जा रहे थे। आरोप है कि गांव के बाहर स्थित शराब के ठेके पर पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, पंच और चाकू से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमले में उसके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उस पर वार किए। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते हुए थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
-