सरधना/रोहटा। दिल्ली में जंतर मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के पक्ष में ब्लॉक के गांव भदौड़ा में युवाओं ने शांतिपूर्वक कैंडल मार्च निकाला। वहीं, आरोपी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। भदौड़ा गांव में कैंडल मार्च निकालते हुए युवाओं ने कहा कि देश की अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान इतने दिनों से भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी को मांग को लेकर जंतर मंतर पर धरने पर बैठी हुई हैं। लेकिन सरकार महिला पहलवानों की फरियाद सुनने को तैयार नहीं है। भदौड़ा गांव के युवाओं ने कहा कि अगर बृजभूषण की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम सभी युवा दिल्ली में चल रहे पहलवानों के धरने में शामिल होंगे। इस मौके पर मनीष मलिक, वरुण, नीतीश, राहुल, संचित, गौरव, सुनील, मोनू, सुमित आदि शामिल रहे।
वहीं, दूसरी तरफ जंतर मंतर पर धरने पर बैठे खिलाड़ियों के समर्थन में गांव दबथुवा में कैंडल मार्च निकाला। युवाओं ने कहा कि खिलाड़ी देश का सम्मान बढ़ाने के लिए संघर्ष के बाद पदक लाते हैं। लेकिन उनके साथ हो रहे अन्याय को लेकर केंद्र सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके चलते गांवों में भी रोष बढ़ता जा रहा है। यदि जल्द सरकार ने जल्द कार्रवाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया तो ग्रामीण आंदोलन में शामिल होंगे।