मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर में नशा मुक्ति केंद्र में रविवार देर रात एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बेड के ही अंदर बंधा हुआ मिला। नशा मुक्ति केंद्र में ही रह रहे उसके दो साथी लापता हैं। अंदेशा लगाया जा रहा कि उक्त दोनों युवकों ने ही युवक की हत्या की है। एसपी सिटी और टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार टीपी नगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी रोहित (32) पुत्र जवाहर 14 जुलाई से नशा मुक्ति केंद्र में रह रहा था। नशा मुक्ति केंद्र में ही संदीप निवासी कंकरखेड़ा और अनूप निवासी कुंडा, परतापुर भी रह रहे थे। तीनों का ही यहां पर इलाज चल रहा था।
रविवार रात 9:00 बजे सूचना मिली कि नशा मुक्ति केंद में रहने वाले तीनों लोग लापता हो गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन करके वापस लौट आई। रात करीब 12:30 बजे फिर से सूचना दी गई कि रोहित की लाश बेड के अंदर मिल गई है, जबकि अन्य संदीप और अनूप का अभी कोई अता-पता नहीं है।
जानकारी लगते एसपी सिटी और इंस्पेक्टर टीपी नगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रोहित के शव को बेड के अंदर से निकला और परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस को अंदेशा है कि रोहित की हत्या करने के बाद ही संदीप और अनूप फरार हुए हैं। दोनों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि लापता हुए दोनों लोगों के मिलने के बाद घटना की जानकारी होगी। नशा मुक्ति केंद्र में किस बात को लेकर विवाद हुआ इसकी जानकारी उक्त दोनों लोग ही बता पाएंगे।