दबथुआ में युवक की गोली मारकर हत्या
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा स्थित कबाड़ी की दुकान में घुसकर बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को गल्ले में रखी नकदी बिखरी मिली है, इससे लूटपाट की आशंका जताई गई है।
खिर्वा जलालपुर निवासी सुहेल (19) पुत्र निजामुद्दीन दबथुवा में कबाड़ की दुकान करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक दुकान के अंदर गए थे। जैसे ही वह दुकान से निकले तो सुहेल उनके पीछे दौड़ा। इस दौरान हाथापाई में बाइक सवार युवकों ने सुहेल को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज पर ग्रामीण मौके पहुंचे तो सुहेल खून में लथपथ मिला। ग्रामीणों उसे कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की हत्या की जानकारी पर खिर्वा से सैकड़ों ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसपी देहात केशव कुमार मौर्य, सीओ आरपी शाही भी घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया तो प्रधान और पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
जल्द खुलासा किया जाएगा
हत्या को लेकर पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। सुहेल के पिता निजामुद्दीन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। - केशव कुमार मौर्य, एसपी देहात