फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: हाईवे किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या का आरोप; दो माह पहले मुस्लिम युवती से किया था विवाह

Thu, 03 Sep 2026 12:37 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के फफूंडा निवासी यतीश शर्मा का क्षत-विक्षत शव मेरठ-बुलंदशहर हाईवे किनारे मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पत्नी ने गांव के एक युवक पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
युवक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के फफूंडा गांव निवासी करीब 28 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बुधवार देर रात मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग-334 पर पीर के पास अंबे कोल्ड स्टोर के सामने सड़क किनारे मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

मनोहर लाल कोल्ड स्टोरेज में कॉलिंग ऑपरेटर था युवक

विज्ञापन

फफूंडा निवासी यतीश शर्मा उर्फ वासु पुत्र स्वर्गीय विजेंद्र शर्मा कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित मनोहर लाल कोल्ड स्टोरेज में कॉलिंग ऑपरेटर के पद पर काम करता था। उसका बड़ा भाई अमित भी वहीं कार्यरत है।

परिजनों के मुताबिक यतीश रोजाना शाम करीब चार बजे ड्यूटी पर जाता था और रात करीब 12 बजे तक काम करता था। बुधवार रात उसने किसी कारण से अपने भाई का काम में सहयोग किया और इसके बाद बाइक से घर के लिए निकला। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें: मेरठ: स्कूल बस ने कुचला तीन साल का मासूम, मौके पर मौत; शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, जाम लगाकर जताया आक्रोश

विज्ञापन

हाईवे किनारे क्षत-विक्षत शव मिलने से मचा हड़कंप
इसी दौरान लोहियानगर पुलिस को नौगजा पीर के पास अंबे कोल्ड स्टोर के सामने सड़क किनारे यतीश का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार फिलहाल घटनास्थल और शव की स्थिति के आधार पर सड़क हादसे की आशंका है। मौत हादसे में हुई या किसी अन्य वजह से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

दो माह पहले मुस्लिम युवती से किया था विवाह
परिजनों के अनुसार यतीश ने करीब दो माह पहले दिल्ली निवासी मुस्लिम समुदाय की युवती से अपनी मर्जी से विवाह किया था। बताया गया कि युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद अपना नाम परी रखा था और दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों साथ रह रहे थे।

इसी विवाह को लेकर परिजन अब यतीश की मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि अभी तक पुलिस के सामने हत्या की पुष्टि करने वाला कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।

विज्ञापन

पत्नी परी ने गांव के युवक पर धमकी देने का लगाया आरोप
मृतक की पत्नी परी ने आरोप लगाया कि गांव के ही मुस्लिम समुदाय के एक युवक ने उसके पति को धमकी दी थी। उसके अनुसार युवक ने यतीश से मुस्लिम महिला को छोड़ने की बात कही थी और ऐसा नहीं करने पर हत्या की चेतावनी दी थी।

परी का दावा है कि धमकी के बाद परिवार को अनहोनी की आशंका थी। अब हाईवे किनारे शव मिलने के बाद परिजन इसी धमकी को घटना से जोड़कर हत्या की आशंका जता रहे हैं।

अभी पुलिस को नहीं मिली तहरीर
घटना को लेकर मृतक पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी। तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सतर्क
मामला दो समुदायों के बीच विवाह से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें