साइबर अपराधियों ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी देकर डराया
संवाद न्यूज एजेंसी
पल्लवपुरम। साइबर अपराधियों ने युवक को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी देकर डराया और चार घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। आरोपियों ने अपने बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने पल्लवपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अंसल कोर्टयार्ड निवासी विनय कुमार ने बताया कि 21 जनवरी की दोपहर उनके मोबाइल अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को ट्राई का अधिकारी और नाम राजकुमार बताया। उसने कहा कि आपके नाम से लिए गए सिम का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुआ है। इसमें करोड़ों का लेनदेन हुआ है। यदि यह सिम आपने नहीं लिया है तो दिल्ली साइबर क्राइम सेल से आपको क्लीयरेंस सर्टिफिकेट लेना होगा। इसके लिए आपको दो घंटे के भीतर दिल्ली के साइबर क्राइम थाने आना होगा। उन्होंने थाने जाने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने उनकी कॉल साइबर क्राइम थाने में ट्रांसफर करने के लिए कहा। इसके बाद उनकी बात अपने आपको साइबर क्राइम थाने का अधिकारी बता रहे व्यक्ति से हुई। उसने
कई निजी जानकारी बात करते हुए विनय कुमार से ले ली। मामला फोन पर ही सेटल कराने की बात कहकर करीब चार घंटे उन्हें डिजिटल अरेस्ट रख 50 हजार रुपये पटेल प्रतीक कुमार नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
-
रिश्तेदार बनकर टेलर से 40 हजार की ठगी
मेरठ। ब्रह्मपुरी के इंदिरानगर निवासी टेलर से साइबर ठगों ने 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित उमेश शर्मा की इंदिरा नगर में सिलाई की दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को उनका फरीदाबाद निवासी रिश्तेदार बताया। मेडिकल इमरजेंसी बताते हुए उन्हें रुपये ट्रांसफर के फर्जी मेसेज भेजे और तीन बार 40 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में उन्हें पता चला कि आरोपी के भेजे मेसेज फर्जी थे। उनके खाते में कोई रकम नहीं आई थी, उनके साथ ठगी हुई है। पीड़ित ने टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। संवाद
-
पत्नी ने पति के प्रेमिका के साथ फोटो-वीडियो वायरल किए
मेरठ। लोहियानगर क्षेत्र निवासी सालिम के प्रेमिका के साथ फोटो-वीडियो पत्नी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोप है कि विवाद के चलते पत्नी आठ माह से उससे अलग रह रही है। पीड़ित ने लोहियानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सालिम ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2023 में हुई थी। पत्नी ने पूर्व प्रेमिका के साथ फोटो-वीडियो उसके मोबाइल से अपने मोबाइल में ले लिए थे। वह तलाक और 5 लाख की मांग कर रही थी। पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर उसने और उसके परिजनों ने फोटो-वीडियो वायरल किए हैं। इससे उसकी सामाजिक छवि खराब हो रही है और वह मानसिक रूप से परेशान है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद