गोली लगने से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
- 29 अप्रैल को तहसील रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने मारी थी युवक को गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। 29 अप्रैल को गोली लगने से घायल मोहल्ला सराय भटियारी निवासी युवक की बुधवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने नवाबगढ़ी व नंगला ऑर्डर से दो लोगों को जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया था।
तहसील रोड पर मोहल्ला तकियाकैत में एक क्लीनिक के सामने 29 अप्रैल को मोहल्ला सराय भटियारी निवासी 18 वर्षीय राजा पुत्र याशीन के सिर में गोली मार दी गई थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए हिमालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होती देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस मामले में राजा की मां नजराना ने अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने जांच पड़ताल की तो एक मोहल्ला नवाबगढ़ी निवासी युवक व एक नंगला ऑर्डर रोड निवासी युवक का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने दो मई को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक व एक 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया। सीओ ने बताया कि राजा व उमेर का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था उसी मामले में राजा को गोली मारी गई थी। इस मामले में उमेर पुत्र साबुद्दीन निवासी नवाबगढ़ी व सलमान पुत्र शान अली निवासी नंगला रोड जेल भेजा जा चुका हैं। राजा की मौत के बाद मामला हत्या की धारा में तरमीम कर लिया गया है।