ग्रामीणों को आता देख धमकी देकर फरार हुए आरोपी, साजिद और हारिश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मोहल्ला गांधी नगर में उधार दिए रुपये वापस मांगने पर दो आरोपियों ने एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांधीनगर मोहल्ला निवासी नीरज सिंह पुत्र मूलचंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नवाबगढ़ी गांव निवासी एक व्यक्ति पर उसके रुपये उधार हैं। आरोप है कि वह काफी समय से रुपये लौटाने के नाम पर टालमटोल कर रहा था। 25 अक्तूबर की शाम नीरज रुपये मांगने के लिए पहुंचा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रुपये देने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने साजिद और हारिश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।