बाइक की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
किठौर। मेरठ-गढ़ मार्ग पर गांव शोल्दा में बस का इंतजार कर रहे एक युवक की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चाचा ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मौत के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
गांव शोल्दा निवासी मनमोहन पुत्र सुखपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भतीजा कपिल पुत्र अनिल तथा हर्ष पुत्र वचन सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे मेरठ जाने के लिए गांव के स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी गढमुक्तेश्वर की ओर से तेज गति में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को मेरठ एक निजी अस्पताल में भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने कपिल (21) को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।