जानी खुर्द। मेरठ-बागपत मार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर कुराली के पास दो बाइक सवारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में घायल एक बाइक सवार की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक बाइक सवार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जानी क्षेत्र के गांव ढडरा निवासी रियाजुद्दीन (35) पुत्र रफीक चंडीगढ़ स्थित प्राइवेट कम्पनी में में काम करता था। बृहस्पतिवार की दोपहर वह बाइक पर सवार होकर किसी काम के लिए गांव ललियाना के लिए जा रहा था। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव कुराली के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार युवक से रियाजुद्दीन की बाइक टकरा गई। दुर्घटना में रियाजुद्दीन घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रियाजुद्दीन को उपचार के लिए मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के दौरान रियाजुद्दीन की मौत हो गई। वहीं दूसरा बाइक सवार अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रियाजुद्दीन की मौत की सूचना सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन ने दुर्घटना की रिपोर्ट अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ दर्ज करवाई है।
कार की टक्कर से बाइक सवार दो भाई घायल
रोहटा। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर पूठ गंगनहर के पास बाइक व कार की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गांव रोहटा निवासी रिहान व निशान पुत्र मेहरबान बृहस्पतिवार को बाइक पर सवार होकर मेरठ जा रहे थे। पूठ गंगनहर के पास पहुंचे तो सामने से आ रही वेन्यू कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी कार चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल में दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है।