दौराला। सकौती में एक व्यापारी के खाते में 10 लाख रुपये जनसेवा केंद्र के माध्यम से डलवाकर दो प्रतिशत कमीशन तय किया गया। कमीशन को लेकर बात बिगड़ गई। व्यापारी ने रुपये निकालकर नहीं दिए। मामला दौराला थाने पर पहुंच गया। सूचना पर थाने पहुंचे गोपनीय विभाग के अधिकारियों ने भी व्यापारी, जनसेवा केंद्र संचालक व रुपये डालने वाले युवक से जानकारी की।
जानी थाना क्षेत्र के गांव सिसौली निवासी एक फूड कंपनी चलाने वाले युवक ने सकौती में जन सेवा केंद्र संचालक के माध्यम से सकौती निवासी व्यापारी के खाते में कुछ दिन पहले 10 लाख रुपये से अधिक की रकम डाली थी। व्यापारी ने पांच हजार रुपये तत्काल दे दिए थे। बाकी रुपये निकालकर देने पर दो प्रतिशत कमीशन व्यापारी को देना तय हुआ। व्यापारी को कमीशन नहीं मिला तो उसने रुपये निकालकर नहीं दिए, जबकि इसी बीच उसके खाते से कर्ज के कुछ रुपये कट गए। मामला बिगड़ने पर सूचना पुलिस को लगी। इस पर पुलिस ने सभी को थाने बुलाया। थाने में भी कमीशन को लेकर हंगामा हुआ।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि कालेधन को सफेद करने के लिए व्यापारियों के खाते में रुपये जनसेवा केंद्र के माध्यम से स्थानांतरण कराए जाते हैं। गोपनीय विभाग के अधिकारी भी थाने पहुंचे और सभी से अलग कमरे में पूछताछ की। रुपये स्थानांतरण करने वाले युवक ने पूछताछ में बताया कि वह फूड कंपनी चलाता है और दुबई से माल खरीदता है। दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि पूछताछ के बाद सभी को भेज दिया है। पुलिस रुपयों की जांच में जुटी है।