- दिल्ली-खटीमा हाईवे पर कैथोड़ा पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर(मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-खटीमा हाईवे पर कैथोड़ा पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार को नगर पंचायत के ट्रैक्टर से बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे में हस्तिनापुर के गांव रहमापुर निवासी बाइक चालक दीपू (16) की मौत हो गई। उसकी बहन व बहनोई घायल हो गए।
बृहस्पतिवार को जनपद मेरठ के तेजगढ़ी चौराहा निवासी शिवा अपनी पत्नी संजना व हस्तिनापुर के गांव रहमापुर निवासी अपने साले दीपू के साथ बाइक से कैथोड़ा पुलिस चौकी के समीप स्थित पीर पर चादर चढ़ाने आए थे।
दोपहर के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बाइक सवार जैसे ही कैथोड़ा पुलिस चौकी के समीप पहुंचे उसी दौरान आगे चल रहे नगर पंचायत के ट्रैक्टर व मोबाइल शौचालय से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। बाइक टकराने के बाद ट्रैक्टर के पीछे लगे शौचालय के पाइप में बाइक फंस गई और काफी दूर तक खिंचती चली गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर ट्रैक्टर रुकवाया। बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे दीपू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिवा व संजना गंभीर रूप से घायल हो गए।
चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घायलों को जानसठ स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। दुर्घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। परिजन भी जानसठ सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवेचक मोहित कुमार का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है।