पीड़ित की तहरीर पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के साधु नगर मोहल्ले में 12 वर्षीय बालक की पिटाई का विरोध करने पर आरोपी सागर, उसके पिता अजय व चाचा अर्जुन ने पीड़ित ओम हिंदल पर सरिया और डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिर व हाथ में चोट लगने से युवक घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
साधु नगर निवासी ओम हिंदल ने बुधवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि तीन जुलाई की शाम करीब सात बजे उसका 12 वर्षीय छोटा भाई गली में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने नशे की हालत में उस को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि वह रात करीब नौ बजे ड्यूटी से घर लौटा तो भाई ने पूरी घटना बताई। इसके बाद वह जानकारी लेने के लिए आरोपियों के घर पहुंचा था।
आरोप है कि वहां आरोपी घर के अंदर से सरिया और डंडे लेकर बाहर आए तथा गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। हमले में उसका सिर फट गया। इसके अलावा कमर, गले और छाती पर भी चोट आई। हमला करने के बाद आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।