संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के पूठखास गांव में शुक्रवार शाम दुकान के विवाद को लेकर एक पक्ष के करीब दर्जन भर लोगों ने अनुसूचित जाति के युवक पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर रोहटा थाना पुलिस ने 11 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़िता राखी पत्नी मिंटू ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने पांच वर्ष पूर्व गांव निवासी पारस से एक दुकान खरीदी थी। आरोप है कि पारस अपने परिजनों के साथ मिलकर दुकान वापस करने का दबाव बना रहा है। इन्कार करने पर आरोपियों ने दुकान पर कब्जा करने की धमकी दी। कोर्ट का फैसला राखी के पक्ष में आने के बाद पारस पीछे हट गया लेकिन उसके परिजन कब्जे के प्रयास में जुटे रहे।
राखी पति मिंटू और बेटे दीपू के साथ शनिवार को दुकान का ताला खोल रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पूठखास निवासी करण सिंह, सतवीर, तेजपाल, बिट्टू, कृष्ण, छोटू, सुक्की, मनोज, रवींद्र, सचिन और नितिन समेत 11 लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।