मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक निजी बैंक से 15 लाख रुपये निकालकर लौट रहे राजा पर दो युवकों द्वारा हमला कर बैग लूटने का प्रयास का आरोप है। युवक के साथ बैंक के सामने मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों में पैसे के लेनदेन का मामला है। पुलिस ने दोनों पक्षों का चालान कर दिया।
लिसाड़ी गेट निवासी राजा ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने पिता के खाते से रुपये निकालने के लिए कुटी चौराहे के पास स्थित एक निजी बैंक गया था। बैंक से करीब 15 लाख रुपये निकालकर जैसे ही वह बाहर निकला, वहां पहले से मौजूद अमन, सद्दाम, इमरान, बाबू समेत दो-तीन अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया।
आरोप है कि अमन और सद्दाम ने उसके बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। वहीं दूसरी ओर बाबू पक्ष ने बताया कि आरोपी राजा पर उनके पैसे है। वह राजा से अपने पैसे वापस करने के लिए कह रहे थे। मगर वह पैसे नहीं लौटा रहा था।
सूचना पर पहुंची डायल-112 के सामने दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का मामला है।