- परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित हापुड़ रोड के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार शाम महिला शबनम (20) की मौत हो गई। महिला ने चार दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। परिजनों ने चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस से अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पहलवान कॉलोनी निवासी समीर ने बताया कि उनकी पत्नी शबनम को प्रसव के लिए शुक्रवार को हापुड़ रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला ने पुत्र को जन्म दिया। इस कारण महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार शाम करीब पांच बजे उपचार के दौरान महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की एक नर्स द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से महिला की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। अस्पताल में प्रशिक्षु स्टाफ से मरीजों का इलाज कराया जाता है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है। हंगामे की सूचना पर लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई कर्मचारी मौके से चले गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।