परीक्षितगढ़- मृतक मोनू शर्मा का फाइल फोटो।
परीक्षितगढ़। मेरठ-परीक्षितगढ़ मार्ग गांव खजूरी देवी मंदिर के समीप बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मोनू शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सीएचसी पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव बहलोलपुर निवासी मोनू शर्मा (35) पुत्र अशोक छोटा मवाना क्षेत्र के गांव बिसौला के प्राइवेट कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। सोमवार रात करीब 9:00 बजे मोनू शर्मा बाइक से डयूटी पर जा रहा था। वह गांव खजूरी में देवी मंदिर के समीप पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मारकर दी। बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस मृतक के शव को लेकर सीएचसी पहुंची तथा मृतक के परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर गांव बहलोलपुर के सैकड़ों लाेग व परिजन सीएचसी पहुंचे। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक हादसे की तहरीर थाने में नहीं दी गई है।