मृतका के परिजनों ने युवक पर हत्या का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम कोचिंग सेंटर संचालिका पूजा (30) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मृतका के कोचिंग पार्टनर पर कपिल कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। परिजनों युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी जनेश्वर ने लाल कुर्ती पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पूजा व किनानगर निवासी कपिल ने डेढ़ वर्ष पूर्व पीएल शर्मा रोड पर डिजिटल मार्केटिंग को साझे में कोचिंग सेंटर खोला था। लेकिन कुछ समय से कोचिंग सेंटर बंद चल रहा था। लगभग चार दिन पूर्व दोबारा कोचिंग सेंटर खुला था।
बृहस्पतिवार शाम पूजा कोचिंग सेंटर पर पहुंची थी। पिता के अनुसार सात बजे युवक ने फोन कर परिजनों को बताया कि युवती की हालत खराब हो गई है। वह उसे एक निजी अस्पताल में लेकर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। यहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत से परिजनों को रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए अस्पताल में ही हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत किया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने आ गई। आरोप है कि पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों का विवाद चल रहा था। इसी के चलते युवक ने युवती को जान से मारने की धमकी दी थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों के मोबाइल को कब्जे में ले लिया। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।