अंतिम बहस में बचाव पक्ष की वकील ने गवाहों पर उठाए सवाल
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में बृहस्पतिवार को जिला न्यायालय में अंतिम बहस में पक्ष की वकील ने गवाहों के बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने नीला ड्रम और चाकू बेचने वाले बर्तन विक्रेता के लिए कहा उन्हें पुलिस ने तैयार कर गवाह बनाकर बयान दर्ज कराए हैं। शुक्रवार को इस मामले में फिर से बहस होगी।जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे ने बताया कि इस केस में 22 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए हैं। इन्होंने सौरभ की हत्यारोपी पत्नी मुस्कान रस्तौगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला के खिलाफ बयान दर्ज कराए हैं। अब इस मामले में अंतिम बहस में बचाव पक्ष की वकील रेखा जैन अपना पक्ष रख रही हैं। पिछली सुनवाई पर सौरभ राजपूत के दोस्त सौरभ कुमार की गवाही पर उन्होंने सवाल खड़े किए थे। बृहस्पतिवार को भी उन्होंने यही क्रम जारी रखा। बर्तन विक्रेता राकेश कुमार ने गवाही दी थी कि एक लड़की उनकी दुकान पर सब्जी-फ्रूट काटने के लिए चाकू लेने आई थी। उसने चाकू खरीदा। बाद में अखबार में फोटो देखकर पहचाना कि यह वही लड़की मुस्कान थी। इसी तरह नीला ड्रम बेचने वाले सैफुद्दीन ने कहा था कि मुस्कान और साहिल उसके पास गेहूं रखने के लिए 1200 लीटर का नीला प्लास्टिक का ड्रम खरीदने आए थे। वे इसे ई-रिक्शे में ले गए। बाद में खुलासा होने पर पता चला कि मुस्कान और साहिल सौरभ का शव रखने के लिए उनसे ड्रम ले गए थे। बचाव पक्ष की वकील का कहना है कि पुलिस द्वारा तैयार किए गए गवाहों के बयानों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।