प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश लगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी।
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के हाईवे स्थित एक गांव निवासी युवती से एक युवक दोस्ती का दबाव दे रहा है। मना करने पर परीक्षितगढ़ निवासी आरोपी रिंकू ने मंगलवार को मां-बेटी पर सरेराह हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गईं। आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि दो महीने पहले उसके गांव में आरोपी काम करने के लिए आया था। यहां आरोपी ने किसी तरह उसकी इंस्टाग्राम आईडी व उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। आरोपी इंस्टाग्राम पर मैसेज व मोबाइल पर कॉल कर दोस्ती का दबाव दे रहा था। उसने आरोपी के नंबर को ब्लॉक कर दिया था। बावजूद इसके आरोपी युवती का अलग-अलग नंबर से उत्पीड़न कर रहा था।
मंगलवार सुबह मां-बेटी ई-रिक्शा से सरधना रोड की ओर आ रही थीं। इसी बीच आरोपी ने ओवरटेक कर ई-रिक्शा को रोक लिया। आरोपी ने दोनों के साथ अभद्रता की। आरोपी ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में चोट लगने से युवती व उसकी मां घायल हो गईं। वारदात को करने के बाद आरोपी बाइक द्वारा मौके से भाग गया। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि आरोपी की तलाश में दो टीमें लगी हुई हैं। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
-