ट्रक की टक्कर से मरे भूपेंद्र का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।
रीक्षितगढ़ मार्ग पर शुगर मिल के निकट हुआ हादसा, साथी घायल हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। परीक्षितगढ़ मार्ग पर शुगर मिल के निकट ट्रक ने साइकिल सवार मोहल्ला तिहाई निवासी भूपेंद्र (30) को कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मोहल्ला तिहाई जगन सिनेमा के निकट गली में राजपाल का परिवार रहता है। राजपाल के चार पुत्र व एक पुत्री हैं। तीसरे नंबर का पुत्र भूपेंद्र बिजली का काम करता था। रविवार को लगभग 11 बजे वह व अपने साथी अमित के साथ साइकिल से जा रहा था। साइकिल को पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर वह सड़क पार कर रहा था। मवाना की ओर से आ रहे खाली ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। साथी अमित बाल बाल बच गया।
ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोडकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को सीएचसी भिजवाया। परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजनेे की तैयारी में लगी है। राजपाल के बड़े पुत्र नरेंद्र की बीमारी के चलते लगभग नौ माह पहले ही मौत हो चुकी है। भूपेंद्र अविवाहित था। भूपेंद्र की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता राजपाल ने थाने में दी तहरीर में बताया है कि गलत साइड से ट्रक ने उसके पुत्र भूपेंद्र को टक्कर मार दी और घसीटते हुए ले गया। जिसको सीएचसी लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है, शव पीएम के लिए भेज दिया है।
ट्रक की टक्कर से मरे भूपेंद्र का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।