युवक को ईंटों से पीटकर घायल किया, रुपये लूटे
परीक्षितगढ़। क्षेत्र के गेसूपुर शुमाली निवासी एक युवक ने गांव के ही दो युवकों पर भाई को दो सप्ताह पूर्व हथियारों और ईंट से पीट-पीटकर घायल करने का आरोप लगाया है। युवक ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
गांव गेसूपुर शुमाली निवासी राजसिंह ने बताया कि उसका भाई राहुल पुत्र जगमाल दो सप्ताह पूर्व परिवार के साथ सो रहा था। इस दौरान गांव के दो युवक बाइक लेकर उसके घर पहुंचे और उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर गांव समसपुर के जंगल में ले गए। वहां युवकों ने उसे धारदार हथियार व ईंट से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। युवक उसे मरा समझकर जंगल में ही एक कुएं में डालकर चले गए। आरोप है कि युवकों ने उसकी जेब से 22 सौ रुपये भी निकाल लिए। दो दिनों से राहुल की तलाश कर रहे परिजनों को एक महिला ने राहुल के कुएं में पड़े होने की सूचना दी। परिजनों ने उसे निकाला और मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। राहुल की हालत चिंताजनक बनी है। पीड़ित के भाई ने दोनों युवकों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।