- हालत बिगड़ने पर पुलिस ने सीएचसी में कराया भर्ती, सूचना पर पहुंचे परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में चल रहे कृपाओं की माता मरियम महोत्सव के मेले में शनिवार को एक युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। अचानक हालत बिगड़ने पर पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
मुजफ्फरनगर जिले के थाना भौराकलां क्षेत्र के गांव अलावलपुर माजरा निवासी वंश (20) पुत्र सुबोध शनिवार को सरधना स्थित चर्च मेले में आया था। इसी दौरान उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर युवक के दादा प्रमोद भी सीएचसी पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया। फिलहाल इसका पता नहीं चल सका। मामले की जांच कराई जा रही है।