बेटे को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी माँ
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि लव (25) पुत्र दलजीत पल्लवपुरम में अपने परिवार के साथ रहता था और अविवाहित था। रविवार को लव अपने मकान की पहली मंजिल स्थित कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी मां उसे देखने पहुंचीं। कमरे का दृश्य देखकर वह चीख पड़ीं। लव फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और कमरे की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में मचा कोहराम
बताया कि मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। लव के पिता दलजीत पराठे और चाय का ढाबा चलाते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।