किसान मजदूर इंटर कालेज में पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेते छात्र (संस्थान)
खरखौदा। गांव अतराडा स्थित किसान मजदूर इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा द्वारा वायु प्रदूषण पर निबंध, पेंटिंग प्रतियोगिता व विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मोहन शर्मा और संचालन विद्यालय प्रवक्ता विजेंद्र सिंह ने किया। गोष्ठी में छात्रा शांतनु, रेनू, ज्योति शर्मा, इकरा और स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. रिजवान, डॉ. शबनम आदि ने विस्तृत चर्चा की। प्रधानाचार्य ने बताया कि आज के युग में वायु प्रदूषण बहुत गंभीर समस्या है। इसके कई कारण हैं, जैसे औद्योगिक उत्सर्जन, छोटे-बड़े वाहनों का धुआं, फसलों के अवशेषों को जलाना, वृक्षों की कटाई व प्लास्टिक का अधिक उपयोग तथा कचरे को जलाना आदि हैं। आज सबसे अधिक आवश्यकता आने वाली पीढ़ी को जागरूक करने की है, जिससे कि वह अपनी जीवन शैली में बदलाव लाकर प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें l डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आज सबसे ज्यादा छात्र-छात्राओं में उच्च कोटि के अनुशासन व नैतिकता की आवश्यकता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को पौधा गोद लेने की लिए भी प्रेरित किया l