मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ की पहली कैबिनेट बैठक जारी है। खबर आ रही है कि यूपी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ कर दिया है। सूत्रों की मानें तो छत्तीस हज़ार करोड़ रुपये से कर्ज माफ किया जाएगा। गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पहली ही बैठक में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था।
कैबिनेट बैठक से पहले क्या बोले किसान
भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने कहा कि फसलों का सही दाम और गन्ने का भुगतान न होने पर किसान बदहाल हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा ने चुनाव के समय कर्जमाफी का वायदा करके वोट लिया था अब समय है कि बीजेपी अपना वायदा पूरा करके किसानों को राहत देने का काम करें।
वहीं भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कलंजरी कहना है कि किसानों का वोट लेकर भाजपा सत्ता में पहुंची हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से किसानों का करीब 80 फीसदी वोट भाजपा को गया है। उनका कहना है कि बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले किसानों से वायदा किया था कि अगर सूबे में भाजपा की सरकार आएगी तो किसानों का कर्जमाफ किया जाएगा। अब वो समय आ गया और योगी जी पहली कैबिनेट बैठक करने जा रहे हैं तो उम्मीद है कि वो किसानों का कर्ज माफ जरूर करेंगे।