फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगी जी की आहट, संडे को खुलेंगे दफ्तर

Sun, 07 May 2017 02:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। विभिन्न विभागों में कामों को पूरा करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी जुट गए हैं। फाइलों को पूरा करने के लिए रविवार को भी अधिकतर विभाग खुलेंगे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 मई को शहर में पांच घंटे रहेंगे। इस दौरान वह तमाम बिंदुओं पर समीक्षा के साथ औघड़नाथ मंदिर व शहीद स्मारक पर भी जाएंगे। इसके अलावा पश्चिमी क्षेत्र के विधायकों, सांसदों और मंत्रियों से भी वार्ता करेंगे। योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रशासन को प्राप्त हो गया है। शनिवार को कमिश्नर, डीएम, एसएपी समेत जहां तमाम आला अधिकारी सीएम के दौरे की तैयारियों में जुटे रहे। वहीं यह मशक्कत रविवार को भी जारी रहेगी। कमिश्नरी, कलक्ट्रेट, विकास भवन, एमडीए, सीएमओ ऑफिस समेत अधिकतर विभाग छुट्टी के दिन रविवार को भी खुलेंगे।

ये है मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली एअरपोर्ट से स्टेट प्लेन द्वारा सुबह 9.25 बजे परतापुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी पर उतरेंगे। यहां से वह कार द्वारा स्थानीय भ्रमण के लिए निकल जाएंगे। जिसमें मलिन बस्ती में स्वच्छता कार्यक्रम, गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण और मेडिकल कॉलेज का भ्रमण शामिल है। करीब एक घंटा भ्रमण करते हुए वह औघड़नाथ मंदिर और शहीद स्मारक जाएंगे। इस बीच ही वह मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक भी करेंगे। बताया जा रहा है कि यह बैठक शहीद स्मारक या भैसाली मैदान में हो सकती है। यहां से 12 बजे मुख्यमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय हाल में जाएंगे, जहां पर मेरठ मंडल के विकास कार्यों के साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। लगभग डेढ़ घंटे की बैठक के बाद योगी आदित्यानाथ वहां से सीधे परतापुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे और यहां से स्टेट प्लेन द्वारा लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे। योगी आदित्यनाथ दोपहर 2.30 बजे तक मेरठ में रहेंगे। 
विज्ञापन


शनिवार को भी चलता रहा बैठकों का दौर
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर, कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार, डीएम समीर वर्मा और एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में समीक्षा बैठक के बिंदुओं पर चर्चा हुई। साथ ही कलक्ट्रेट के सभी पटल प्रभारियों को रविवार तक सभी काम पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की इस टीम ने हवाई पट्टी, खरखौदा थाना, गेहूं क्रय केंद्र, भैसाली मैदान समेत उन सभी संभावित स्थानों का दौरा किया, जहां सीएम के जाने का कार्यक्रम है। 

मलिन बस्ती में शेरगढ़ी के निरीक्षण की तैयारी
मुख्यमंत्री एक मलिन बस्ती का भी निरीक्षण करेंगे। जिसके लिए उनके रूट को ध्यान में रखा जा रहा है। क्योंकि एक घंटे के इस कार्यक्रम में बिना किसी बाधा के निरीक्षण तय समय सीमा में हो जाए अधिकारी इसका ध्यान रखकर चल रहे हैं। फिलहाल जो रूट तैयार किया गया है, उसके अनुसार मुख्यमंत्री परतापुर हवाई पट्टी से मोहिउद्दीनपुर होते हुए खरखौदा पहुंचेंगे। जहां पर मुख्य मार्ग पर स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद यदि वह चाहेंगे तो खरखौदा थाने का भी निरीक्षण कर सकते हैं। यहां से योगी मेडिकल अस्पताल आएंगे। रास्ते में मलिन बस्ती शेरगढ़ी का निरीक्षण कर सकते हैं। मेडिकल अस्पताल के बाद मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय मार्ग से मॉल रोड होते हुए औघड़नाथ मंदिर और वहां से शहीद स्मारक जाएंगे। इसके बाद वह मॉल रोड से गांधी बाग चौराहा होते कृषि विश्वविद्यालय चले जाएंगे और वापसी में एनएच-58 से हवाई पट्टी पहुुंचेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें