मेरठ वन सोसाइटी में आयोजित 7 दिवसीय योग शिविर में वक्रासन का अभ्यास करते साधक
मेरठ वन सोसाइटी में चल रहे शिविर का चौथा दिन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। योग विज्ञान संस्थान पूर्वी जिला मेरठ द्वारा मेरठ वन सोसाइटी में मोटापा और शुगर निवारण के लिए निःशुल्क योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के चौथे दिन प्रतिभागियों को स्वास्थ्य लाभ के लिए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
शिविर में यौगिक जॉगिंग, घुटना चालन, इंजन दौड़, पेट के बल नौकासन, सर्पासन, वक्र आसन और पाद वृत्त आसन का अभ्यास कराया गया। जिला प्रधान सुनील सैन ने बताया कि मोटापा कम करने में पाद वृत्त आसन रामबाण की तरह प्रभावी है और इसके नियमित अभ्यास से शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर देवकरण गर्ग ने शुगर और मोटापा दोनों विकारों में लाभकारी अग्निसार प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिक्षक पवन सिंह बालियान ने शीतली प्राणायाम, प्रार्थना और शांति पाठ का संचालन किया।
शिविर को सफल बनाने में रीता गर्ग, पवन बालियान, अंजना, अभय गर्ग और शालिनी गर्ग का विशेष सहयोग रहा।