मेरठ। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं मई में शुरू होंगी। तैैयारी के लिए छात्रों को दो माह का अतिरिक्त समय मिल गया है। ऐसे में स्कूलों में छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराने के लिए अब विशेष लेखन कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि छात्रों की लिखने की गति बढ़ सके।
कोरोना के दौरान हुई ऑनलाइन कक्षाओं ने सबसे ज्यादा प्रभाव छात्रों की लेखन क्षमता पर पड़ा है। विद्यार्थियों की लिखने की स्किल खत्म हो रही है। छात्रों को लिखने की गति बढ़ाने पर मंथन किया जा रहा है। अधिकांश स्कूलों ने दो प्रीबोर्ड कराना तय किया है। दीवान स्कूल में दूसरा प्रीबोर्ड शुरू होने वाला है। केएल इंटरनेशनल में भी दूसरा प्रीबोर्ड होगा। डीएमए, सेंट जोंस, सिटी वोकेशनल, एमपीएस व अन्य स्कूलों में भी प्रीबोर्ड की तैयारी है। साथ ही स्कूलों ने तय किया है कि ऑफलाइन पढ़ाई के साथ छात्रों को अब स्कूल बुलाकर लेखन अभ्यास कराया जाएगा। दीवान स्कूल कैंट के प्रिंसिपल एके दुबे ने बताया कि हमने तय किया है कि छात्रों को स्कूल बुलाकर खासतौर पर राइटिंग स्किल दें, ताकि वो फिर से लेखन क्षमता बढ़ा सकें।
कल विशेषज्ञों से पूछें बोर्ड परीक्षा के सवाल
अमर उजाला वेबिनार में जुड़कर दूर करें परीक्षा का तनाव
मेरठ। बोर्ड परीक्षाओं का तनाव दूर करने के लिए विद्यार्थी विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। छात्रों के परीक्षा संबंधी कंफ्यूजन को दूर करने के लिए अमर उजाला द्वारा इस विशेष वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार 4 जनवरी दोपहर एक बजे से वेबिनार शुरू होगा।
वेबिनार में विषय विशेषज्ञ स्वयं छात्रों से संवाद कर उनके सवालों का जवाब देंगे। आयोजन का सजीव प्रसारण अमर उजाला मेरठ के फेसबुक पेज के साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों को लेकर आपके मन में भी कोई सवाल या कंफ्यूजन है तो इस वेबिनार से जुड़कर उसका हल पाएं। वेबिनार से इस लिंक के माध्यम से जुड़ सकते है। कमेंट बॉक्स में अपना सवाल भी पूछ सकेंगे। साथ ही अपना सवाल इस नंबर पर रविवार शाम तक अपने नाम, कक्षा, विद्यालय का नाम, शहर के नाम के साथ व्हाट्सप भी कर सकते हैं।
पिछले सालों के पेपर हल करें
पिछले साल हाईस्कूल में 89.50 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में नौवां स्थान पाने वाली सानिया ने बताया कि परीक्षार्थी स्कूल या कोचिंग की पढ़ाई के बाद सेल्फ स्टडी पर अधिक फोकस रखें। हर दिन पिछले सालों के बोर्ड परीक्षा पेपर और मॉडल पेपर भी हल करते रहें। इससे आपको निर्धारित समय में पेपर हल करने का अभ्यास होगा। साथ ही अपनी तैयारी में कमियों की जानकारी भी मिलेगी। टाइम टेबल में सेल्फ स्टडी को पूरा स्थान दें।
टॉपिक्स में विभाजित करके पढ़ें
10वीं में जिले में 10वां स्थान (89.33 प्रतिशत अंक) पाने वाले विनय कुमार ने बताया कि तैयारी के लिए भारी-भरकम रूटीन न बनाएं। लगातार बहुत देर तक पढ़ाई न करें। बीच बीच में ब्रेक लेकर और पूरे सेलेबस को चैप्टर व टॉपिक्स के आधार पर विभाजित करके तैयारी करें। परीक्षा में अच्छे अंक पाने का लिए पूरे साल पढ़ाई करना जरूरी है, जो विषय कठिन लगते पहले उन्हें अधिक समय दें।
सवाल-जवाब
मैं यूपी बोर्ड से 11वीं में हूं। 12 वीं कक्षा की तैयारी कैसे करें, ताकि रिजल्ट अच्छा हो? - रिद्धि राणा
रेग्युलर पढ़ाई करें। खुद के बनाये हुए नोट्स से पढ़ाई करें। नियमित रूप से क्लास जाना और सक्रिय रहना। हर विषय के बेसिक सिद्धांतों पर मजबूत पकड़ रखें। निरंतर प्रैक्टिस और रिवीजन। यही अच्छे अंक पाने का तरीका है। - फतेह चंद, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज