पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए स्टेशन पर हंगामा
मोदीनगर। मेरठ-दिल्ली रेल मार्ग के बीच पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग को लेकर दैनिक यात्रियों ने शनिवार को रेलवे स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा विधायक डॉ. मंजू सिवाच को भी ज्ञापन देकर ट्रेन चलवाने की अपील की।
कांग्रेस नेता सुनील शर्मा और दीपक प्रजापति के नेतृत्व में शनिवार को दैनिक यात्री संघ से जुड़े लोग रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचे और हंगामा करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हजारों लोग रोजाना अपने काम पर दिल्ली-एनसीआर के कई स्थानों के लिए जाते है। पैसेंजर ट्रेन न चलने से दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा आर्थिक हानि भी होती है। इनका कहना था कि जब सरकार ने बसें आदि चलाने की अनुमति दे दी है तो फिर इस मार्ग पर ट्रेन भी शुरू कराई जाएं। मामले में ज्ञापन पहले स्टेशन अधीक्षक को सौंपा गया,बाद में भाजपा विधायक डॉ. मंजू सिवाच को दिया गया। प्रदर्शन में अवधेश मलिक, गगन कुमार आदि मौजूद रहे।