संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक कौशांबी में होगा। प्रतियोगिता में मेरठ मंडल की टीम भी प्रतिभाग करेगी। इसके लिए कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 17 व 18 अगस्त को ट्रायल लिए जाएंगे।
17 अगस्त को दोपहर 3 बजे से जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। इसके बाद 18 अगस्त को सुबह 11 बजे से मंडलस्तरीय ट्रायल का आयोजन स्टेडियम में ही किया जाएगा। इसमें मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ट्रायल प्रक्रिया होने के बाद मेरठ मंडल की टीम का चयन किया जाएगा। इस दौरान 10 प्रकार की भार श्रेणी में पहलवानों का चयन किया जाएगा। ट्रायल प्रक्रिया को लेकर यहां स्पोर्ट्स स्टेडियम हॉस्टल, गढ़ रोड स्थित अलका तोमर कुश्ती एकेडमी और राजेश तोमर कुश्ती एकेडमी में भी पहलवानों की ओर से तैयारी की जा रही है। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित आयु एवं वजन वर्ग के पात्र खिलाड़ी ही चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।