मेरठ। यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई की बोर्ड परीक्षाओं में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर नाम कमाने वाले मेरठी होनहार खेलों में भी अपनी धाक जमा रहे हैं। शहर के छात्र-छात्राएं कला, साहित्य, संस्कृति और सामान्य ज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं। इनके हर कदम पर सोने और चांदी की विजय बरसात है। उनकी जीत से शहर का नाम राष्ट्रीय फलक पर चमक रहा है। आज विश्व छात्र दिवस पर शहर के ऐसे होनहारों की कहानी....।
खुशी के कदम-कदम पर सोना
सोफिया गर्ल्स स्कूल की छात्रा खुशी चड्डा ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर हर कदम पर सोना कमाया है। खुशी एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मी. और 4 बाई 100 रिले की खिलाड़ी है। इन स्पर्धाओं में वह अब तक 15 से ज्यादा स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। एसिक्स जोनल एथलेटिक, सीआईएससीई प्रतियोगिता, यूपी स्टेट एनुवल प्रतियोगिता, इंटर स्कूल प्रतियोगिता और हाल ही में हुई यूपी स्टेट एथलेटिक चैम्पियनशिप में भी खुशी ने गोल्ड मेडल जीता है। वह सीआईएससीई की नेशनल एथलेटिक चैम्पियनशिप के लिए भी चुनी जा चुकी हैं।
पीयूष ने किक से कमाया नाम
सेंट जोंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र पीयूष चौधरी ने अपनी किक से स्कूल का नाम देशभर में रोशन किया है। 12वीं के छात्र पीयूष ने नेशनल जूजित्सू चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक लेकर शहर का नाम गौरवांवित किया। वहीं इंटर स्टेट कराटे चैम्पियनशिप में गोल्ड व सिल्वर मेडल जीता। सुपर कंबोट लीग में कांस्य पदक, अंतर जिला में कांस्य व जिला स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण एवं रजत पदक जीता है। शिवम को स्कूल में बेस्ट प्लेयर का खिताब भी मिल चुका है।
मैथ्स ओलंपियाड में शिवम ने दिखाया दम
सेंट जोंस स्कूल के छात्र शिवम सिंघल ने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले मैथ्स ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता है। साथ ही साइंस ओलंपियाड में सिल्वर मेडल पाया है। किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना में भी चयनित होकर उन्होंने देश में 518 वां स्थान हासिल किया है। शिवम बड़े होकर नासा में वैज्ञानिक बनना चाहते हैं।
कोरिया में छा गए अवनी के शब्द
गार्गी गर्ल्स स्कूल गंगानगर में दसवीं की छात्रा अवनी सानध्या के शब्दों को कोरिया में सम्मानित किया गया। अवनी ने कोरिया इंडिया फ्रैंडशिप भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में अवनी ने हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें सीनियर वर्ग के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ वक्ता का स्पेशल पुरस्कार भी मिला।
राधिका की इनाम वाली ऊंची छलांग
डीपीएस स्कूल की छात्रा राधिका सैनी एथलेटिक्स में हाईजंप की बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पदकों की झड़ी लगा रही हैं। राधिका को डीपीएस नेशनल एथलेटिक्स मीट गर्ल्स अंडर 14 में गोल्ड मेडल मिल चुका है। सीबीएसई क्लस्टर में गोल्ड, नेशनल एथलेटिक्स मीट में गोल्ड मेडल पा चुकी हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट में भी सम्मानित की जा चुकी हैं।
ताइक्वांडो के पंच से बरसा सोना
दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा बांधवी वत्स ताइक्वांडो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम बना चुकी हैं। उन्हें इंटरनेशनल ताइक्वांडो में अरब अमीरात में कांस्य पदक मिला। सीबीएसई नॉर्थ जोन में गोल्ड मेडल और नेशनल ताइक्वांडो में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनका सपना ताइक्वांडो में देश और मेरठ का नाम रोशन करना है।
स्केटिंग में चमका प्रणव का सितारा
केएल इंटरनेशनल स्कूल में बारहवीं के छात्र प्रणव गुप्ता स्केट से लगातार सोना, चांदी और कांसा जीत रहे हैं। वह पिछले दस सालों से स्केटिंग कर रहे हैं। अब तक प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं। हाल में ही प्रणव ने सीबीएसई की नॉर्थ जोन स्केटिंग में दो रजत पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया है। बंगलुरु में नवंबर में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की चैम्पियनशिप में भी प्रणव भाग लेंगे।