मेरठ। असम राज्य के डिब्रूगढ़ स्टेशन से आने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार को सिटी स्टेशन नहीं पहुंची। पूरे दिन में कई बार ट्रेन के पहुंचने का समय तय हुआ परंतु वह नहीं पहुंच सकी। अब इसके रविवार सुबह पहुंचने की संभावना है।
यह पहली ट्रेन होगी जो मेरठ पहुंच रही है। इससे आसपास के 14 जिलों के 645 श्रमिक आएंगे। पहले ट्रेन का पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचने का समय तय हुआ। इसके बाद शाम चार बजे और फिर रात 11 बजे कर दिया गया। इसके बावजूद ट्रेन नहीं पहुंचने के कारण रविवार सुबह का समय बताया गया। ट्रेन से उतरने के बाद श्रमिकों को उनके जिले की बस में बैठने की व्यवस्था है। रेलवे प्रशासन ने इस बार स्टेशन की सीमा से 500 मीटर दूर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे परिसर के बाहर इन श्रमिकों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जाएगी। इस ट्रेन में अलीगढ़ के 30, बागपत के 13, मेरठ के 29, बिजनौर के 16, बुलंदशहर के 25, गौतमबुद्धनगर का एक, गाजियाबाद के 339, हापुड़ के तीन, मथुरा के 12, मुजफ्फरनगर के 44, रामपुर के 33, सहारनपुर के 24, संभल के 22 और शामली के 54 श्रमिक आएंगे।