हस्तिनापुर। कस्बे के राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र में कार्यरत दैनिक श्रमिकों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह धरना अपनी मांगों को लेकर दैनिक श्रमिक संघ के नेतृत्व में प्रक्षेत्र के मुख्य द्वार पर दिया जा रहा है। श्रमिकों की प्रमुख मांगें स्थायीकरण और दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी हैं।
दैनिक श्रमिक संघ यूनियन के अध्यक्ष ब्रह्मदेव यादव ने बताया कि करीब 100 श्रमिक पिछले कई वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें प्रतिदिन मात्र 252 रुपये मजदूरी दी जा रही है। श्रमिक लंबे समय से उम्मीद लगाए बैठे थे कि विभाग उनकी मजदूरी बढ़ाएगा और उन्हें स्थायी करेगा, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर लखनऊ में भी प्रदर्शन किया था। उस दौरान उन्हें उम्मीद थी कि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान होगा। लगातार अनदेखी से नाराज श्रमिकों ने अब अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान संघ के महामंत्री सुंदर गुर्जर, उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, दीपक, वेदप्रकाश, राजेश, उमा, सुनीता, संध्या सहित बड़ी संख्या में दैनिक श्रमिक मौजूद रहे।