हस्तिनापुर। कस्बे की बी ब्लॉक काॅलोनी निवासी प्राइवेट विद्युत कर्मी की दीवार पर काम करते वक्त अचानक नीचे गिरने से मौत हो गई। पीड़ित परिवार के लोगों ने थाने पर विद्युत विभाग के लाइनमैन के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बे की बी ब्लॉक कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय विश्वजीत साना पुत्र कालू साना इलेक्ट्रिक का काम करता था। इस कारण विद्युत विभाग के लाइनमैन उसे अपने साथ प्राइवेट तौर पर काम करने के लिए रखते थे। शुक्रवार देर रात कस्बे में बिजली के तार जोड़ते समय विश्वजीत ऊंची दीवार से अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।
शनिवार की शाम मृतक की पत्नी गीता ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका पति करीब 15 साल से बिजली का काम लाइनमैन के साथ करता था। शुक्रवार दोपहर कस्बे के विद्युत उपखंड केंद्र के दो लाइनमैन उनके घर पहुंचे और उसके पति को एक खंभे पर तार जुड़वाने के लिए ले गए। जिन्होंने विद्युत लाइन खुलवाने का दबाव बनाकर विश्वजीत को एक दीवार पर चढ़ा दिया, जबकि पति ने मना किया। बावजूद इसके लाइनमैन दबाव बनाते रहे। इसी दौरान नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शनिवार शाम शव घर पहुंचा तो दोनों लाइनमैन के खिलाफ मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
विद्युत उपखंड केंद्र के जेई बिजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक प्राइवेट स्तर पर लाइनमैन के साथ काम करता था। वह विद्युत विभाग या संविदा कर्मी नहीं था।
मृतक के चार छोटे बच्चे, सभी का बुरा हाल
मृतक विश्वजीत के चार छोटे बच्चे हैं। पत्नी गीता ने बताया कि बड़ा बेटा सुजल (15), अमन (12), सुप्रिया (7) और तुलसी (3) है। तीनों छोटे बच्चों को पता भी नहीं कि अब उनके पिता इस दुनिया में नहीं रहे। वहीं, पत्नी का रोकर बुरा हाल है।