मेरठ। विद्युत विभाग में आउटसोर्सिंग व संविदा कर्मचारियों की छंटनी करने के विरोध में शनिवार को चौथे दिन भी आंदोलन जारी रहा। संविदा संविदा कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता वितरण द्वितीय और प्रबंध निदेशक कार्यालय में ज्ञापन देकर सोमवार की शाम तक मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार से पूरे जिले में कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
निविदा-संविदा कर्मचारी सेवा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में संविदा कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल पर रहकर मुख्य अभियंता वितरण द्वितीय के कार्यालय और ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्युत अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्य अभियंता वितरण द्वितीय गुरजीत सिंह और पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक के कार्यालय में ज्ञापन देकर संविदा कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाने की मांग की।
कर्मचारी नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरठ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल मिलाकर 1000 आउटसोर्सिंग व संविदा कर्मचारी काम करते हैं। नई कंपनी ने शहर में 168 समेत पूरे जिले से 193 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। विद्युत अधिकारियों को सोमवार की शाम तक मांग पूरी करने का समय दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर मंगलवार की सुबह से पूरे जिले में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इससे विद्युत व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस अवसर पर पश्चिमांचल अध्यक्ष सचिन सिंह, अमित खारी, विनोद कुमार, रोहित कुमार, शिवम, मोहसिन, फैसल, राजेश आदि उपस्थित रहे।