स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का होगा समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता का बुधवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल में मेरठ मंडल और आगरा मंडल की टीमें आमने-सामने होंगी। मंगलवार को प्रतियोगिता में चार क्वार्टर फाइनल और दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें आगरा और मेरठ की टीम अपने मैच जीतकर फाइनल में पहुंची।
पहला क्वार्टर फाइनल मैच मेरठ मंडल और बरेली मंडल केे बीच हुआ। इसमें मेरठ मंडल की टीम ने 33-11 से मुकाबला जीता। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच प्रयागराज और कानपुर मंडल के बीच खेला गया। इसमें प्रयागराज की टीम ने 34-25 से मुकाबला जीता। तीसरा मैच अलीगढ़ मंडल और वाराणसी मंडल के बीच हुआ। इसमें वाराणसी मंडल की टीम ने 48-45 के स्कोर से मैच जीती।
चौथा मैच झांसी मंडल और आगरा मंडल की टीम के बीच हुआ। इसमें आगरा मंडल की टीम ने एकतरफा 38 अंकों के साथ मुकाबला जीता। झांसी मंडल की टीम एक भी अंक नहीं कर सकी। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच मेरठ मंडल और प्रयागराज मंडल के बीच हुआ। इसमें मेरठ मंडल की टीम ने 41-19 का स्कोर कर मैच जीता और फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल मैच वाराणसी और आगरा मंडल के बीच हुआ। इसमें आगरा मंडल की टीम ने 48-25 के स्कोर से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता का फाइनल मैच बुधवार सुबह नौ बजे से खेला जाएगा। मंगलवार को विनय पंवार, सचिन कुमार, सुमित सिंह, हर्षवर्धन, विवेक गंगवाल, आयुष नेगी, अंश सोलंकी सहित अन्य ने निर्णायकों की भूमिका निभाई।
इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, सतीश कुमार, अब्दुल अहद, गौरव त्यागी, भूपेश कुमार, कुलविंदर, ललित पंत, वैभव तोमर, अभिषेक द्विवेदी, अंशु दलाल, निर्माला देवी, पूजा सिंह आदि मौजूद रहे।