मेरठ। भोपाल विहार से एक कार्यक्रम में शामिल होकर गांव लौट रहे बाइक सवार परिवार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर गढ़ रोड जाम कर दिया। उन्होंने हादसे के शिकार परिवार को मुआवजा देने और तेज रफ्तार बसों पर लगाम कसने की मांग की।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव पंचगांव पट्टी गढ़ी निवासी मोहित चौहान पुत्र रमेश चंद्र देरशाम पत्नी संध्या व दो बच्चों युवी (3) व मानवी (2) के साथ भोपाल विहार निवासी बडे़ भाई भूपेंद्र के बेटे के नामकरण समारोह में गया था। बाइक से परिवार के साथ गांव लौट रहे मोहित को हसनपुर चौकी के पास सोहराब गेट डिपो की बस (यूपी 83 टी 2790) ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी पत्नी संध्या की मौके पर ही मौत हो गई। मोहित व दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। एसओ भावनपुर संजय कुमार ने बताया कि मृतक के जेठ भूपेंद्र ने चालक के खिलाफ तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बस में आग लगाने का किया प्रयास
हादसे की सूचना पर ग्रामीणों ने गढ़ रोड पर जाम लगाकर डीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। उन्होंने मुआवजे की भी मांग रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी मामला रफा दफा करने के बाद मुआवजा नहीं दिलाते हैं। उन्होंने बस में तोड़ फोड़ कर आग लगाने का भी प्रयास किया। सूचना पर भावनपुर समेत कई थानों की पुलिस और एसडीएम सदर देहात सुनीता सिंह मौके पर पहुंची। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि सड़क हादसे में पीड़ित परिवार को तीस हजार रुपये तुरंत राहत दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री राहत कोष से उचित मुआवजा और कई योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।