- सीओ ने परिजनों से की बातचीत, युवकों से पूछताछ की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। गांव चेतावाला निवासी चार युवकों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद शुक्रवार शाम परिजनों ने हस्तिनापुर थाने पहुंचकर हंगामा किया। युवकों के घर नहीं लौटने और उनकी स्थिति की जानकारी नहीं मिलने से परेशान महिलाएं थाने में बैठकर विलाप करने लगीं। मामले की सूचना मिलने पर सीओ पंकज लवानिया थाने पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें मामले की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार, थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम गांव में अलग-अलग स्थानों से चार युवकों को हिरासत में लिया था। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले आई। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पूछताछ के बाद युवकों को वापस भेजने की बात कही थी, लेकिन शुक्रवार शाम तक वे घर नहीं पहुंचे। इस पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने थाने पहुंचकर युवकों के बारे में जानकारी मांगी।
आरोप है कि युवकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से नाराज परिजनों की महिलाएं थाने में एकत्र हो गई और हंगामा विलाप करने लगीं। थाने में महिलाओं के विलाप करने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद थाना पुलिस ने मामले की जानकारी सीओ पंकज लवानिया को दी।
सूचना पर थाने पहुंचे सीओ ने महिलाओं और अन्य परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस कई मामलों के संबंध में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। इसी आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-