रोहटा। गांव रोहटा में महिला का पर्स लौटाता युवक। संवाद
रोहटा। गांव रोहटा स्थित बाजार में युवक ने ईमानदारी की अनोखी मिसाल पेश की है। एक युवक ने रास्ते में पड़े मिले पर्स को इसकी मालकिन तक सुरक्षित पहुंचाया। पर्स पाकर महिला का चेहरा खिल उठा। उसने युवक का धन्यवाद किया।
रविवार की दोपहर गांव बाड़म निवासी रेखा पत्नी ओमवीर रोहटा बाजार में खरीदारी करने के लिए आई थी। बाजार में उसका पर्स कहीं गिर गया। महिला मोबाइल पर बात करते हुए आगे निकल गई। पर्स में महिला के छह हजार रुपये समेत जरूरी कागजात थे। वहीं पास ही खड़े जानी थाना क्षेत्र के गांव ढ़डरा निवासी सागर की नजर पर्स पर पड़ी तो उसने बिना किसी हिचक के उसे उठाकर आसपास पूछताछ शुरू की लेकिन पर्स मालिक का कोई पता नहीं चला। इसी बीच महिला ने फोन से यूपी 112 कंट्रोल नंबर पर काॅल करके पुलिस को पर्स गुम होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पर्स की तलाश की। इससे पहले ही युवक पुलिस के पास पर्स लेकर पहुंच गया। पुलिस ने युवक से पर्स लेकर महिला को सौंप दिया। पर्स मिलने पर महिला ने युवक का आभार जताया और कहा कि आज भी समाज में ऐसे ईमानदार लोग हैं जो दूसरों के लिए मिसाल बनते हैं।