मवाना। अटौरा रोड निवासी वांछित महिला को पकड़ने गए थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों से हाथापाई कीे गई। इतना ही नहीं वांछित महिला को छुड़ाकर घर से फरार करा दिया। वहीं, पुलिस ने हंगामा कर रही एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर संबंधित घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद ने बताया कि पुलिस से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा वांछित को भगाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी विनय आजाद ने बताया कि मोहल्ला कल्याण सिंह अटौरा रोड निवासी जीनत उर्फ सलमा 2016 से वांछित चल रही है। महिला पर तमंचा फैक्टरी का संचालन करने का आरोप है। आरोपी महिला पर 25 हजार का भी इनाम घोषित है। उन्होंने शनिवार को मुखबिर से जानकारी पाकर पुलिस बल के साथ अटोरा रोड स्थित आरोपी महिला जीनत के घर पर छापा मारा। आरोपी महिला को दबोचने के दौरान घर में मौजूद अन्य महिलाओं ने हंगामा कर पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। उन्होंने आरोपी महिला को पुलिस से छुड़ाकर फरार करा दिया। वहीं, पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक महिला समेत दो को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, देर शाम पुलिस ने पकड़ी गई महिला को आशा ज्योति केंद्र में भिजवा दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।